दोनों का हुआ था दूसरा विवाह
कोरबा-पाली। जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड 9 शांति नगर में बुधवार तड़के पति ने पत्नी पर डंबल से हमला कर हत्या कर दी। हत्या के बाद वह रिश्तेदार के घर जाकर सो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराया है।
जानकारी के अनुसार शांति नगर में निवासरत रमेश डोंगरे पिता रामखिलावन 40 वर्ष ने करीब चार माह पहले ही बंधन कुंवर लगभग 39 वर्ष से दूसरा विवाह किया था। रमेश डोंगरे भी पूर्व से विवाहित था, किंतु पत्नी से अलग रह रहा है। सुतर्रा निवासी बंधन कुंवर की भी पहले शादी हो चुकी थी व बच्चे भी हैं, जिन्हें छोड़कर रमेश डोंगरे के साथ दूसरा विवाह रचाया।
पाली थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कौशिक ने बताया कि मंगलवार की रात इन दोनों के बीच विवाद हुआ था। रमेश डोंगरे शराब के नशे में था। पत्नी के द्वारा रमेश डोंगरे से मांग की जा रही थी कि मेरे लिए जमीन ले लो, मेरे लिए मकान बना दो और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। रात में विवाद के बाद दोनों सो गए, किंतु बुधवार तड़के करीब 4 बजे उनके बीच फिर विवाद हुआ और तैश में आकर रमेश डोंगरे ने घर में रखे डंबल से पत्नी के चेहरे पर प्राणघातक प्रहार कर दिया। कई बार के प्रहार से बंधन कुंवर के नाक, मुंह और माथे पर संघातिक चोट पहुंची और वह खाट पर ही अचेत होकर गिर पड़ी। पत्नी को इस हालत में छोड़कर रमेश डोंगरे नशा के हालात में घर से निकल गया।
इधर, सुबह होने के बाद जब घर में किसी तरह की हलचल नजर नहीं आई तो करीब 11 बजे रमेश डोंगरे की भाभी उनके घर पहुंची। कोई आवाज ना आने पर जब कमरे में भीतर जाकर देखा तो उसके होश उड़ गए। बिस्तर पर बंधन कुंवर खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। भाभी ने परिजनों और आसपास के लोगों को बताया तथा सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने मातहतों के साथ घटना स्थल पहुंचकर मौका मुआयना किया। आवश्यक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। इधर, आरोपी की तलाश शुरू की गई, जिसमें जानकारी जुटाते पता चला कि वह घटना स्थल से दूर अपने एक रिश्तेदार के घर में सोया हुआ है। पुलिस ने सूचना के करीब 1 घंटे के बाद ही आरोपी रमेश डोंगरे को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में उसने पत्नी के द्वारा जमीन और मकान की मांग को लेकर आए दिन विवाद करना और इसके कारण गुस्से में आकर नशा की हालत में मारपीट व डंबल से मारना करना स्वीकार किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से न्यायिक रिमांड पर उपजेल दाखिल कराने की कार्रवाई की गई।







