Home » जिला अस्पताल से बाल अपचारी फरार, पॉक्सो एक्ट मामले में था निरुद्ध
कोरबा छत्तीसगढ़

जिला अस्पताल से बाल अपचारी फरार, पॉक्सो एक्ट मामले में था निरुद्ध

सीने में दर्द की शिकायत पर लाया गया था अस्पताल

कोरबा। कोरबा अंचल के कोहड़िया स्थित नए बाल संप्रेक्षण गृह से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां से उक्त बाल अपचारी कथित तौर पर चिकित्सालय से फरार हो गया। घटना के बाद बाल संप्रेक्षण गृह प्रबंधन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। फरार बाल अपचारी की तलाश में पुलिस और संबंधित विभाग की टीम जुट गई है।

सीने में दर्द की शिकायत

बताया जा रहा है कि बाल अपचारी ने बाल संप्रेक्षण गृह के अधीक्षक से सीने में दर्द होने की शिकायत की थी। इसके बाद उसे तत्काल स्टाफ के साथ इलाज के लिए कोरबा जिला चिकित्सालय भेजा गया। चिकित्सालय पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने उसकी जांच और उपचार की प्रक्रिया शुरू की। इसी दौरान बाल अपचारी ने कथित तौर पर स्टाफ का हाथ छुड़ाया और मौके से भाग निकला।

पॉक्सो एक्ट के मामले में बाल संप्रेक्षण गृह में था

जानकारी के मुताबिक फरार बाल अपचारी जांजगीर जिले का रहने वाला है। उसे पाक्सो एक्ट से जुड़े मामले में बाल संप्रेक्षण गृह में रखा गया था। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। पुलिस और बाल संप्रेक्षण गृह का स्टाफ फरार बाल अपचारी की तलाश में जुटा हुआ है।

चिकित्सालय की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद जिला चिकित्सालय में बाल अपचारियों को इलाज के लिए लाने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि स्टाफ की निगरानी के बावजूद बाल अपचारी चिकित्सालय से कैसे फरार हो गया ? फिलहाल पुलिस अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों में तलाश कर रही है। साथ ही घटना के दौरान मौजूद स्टाफ से भी जानकारी प्राप्त की जा रही हैं।

Search