Home » निगम में 915 करोड़ का बजट पेश, बीजेपी ने कहा- हर वर्ग का रखा गया ध्यान
कोरबा

निगम में 915 करोड़ का बजट पेश, बीजेपी ने कहा- हर वर्ग का रखा गया ध्यान

कोरबा। नगर पालिक निगम में व्यवस्थित विकास के लिए शहर की सरकार ने 915 करोड़ रुपए का भारी-भरकम बजट पेश किया है। हालांकि इसके बाद भी पिछले वर्ष की तुलना में बजट में 5 करोड़ रुपए की कमी आई है। पिछले वर्ष 920 करोड़ रुपए का बजट पेश किया गया था। महापौर संजूदेवी राजपूत ने बजट पेश करते हुए कहा कि गरीब से लेकर अमीर और झोपड़पट्टी से लेकर मोहल्लों तक के लिए यह बजट लाया गया है। ट्रैफिक को व्यवस्थित करने के लिए सोनालिया पुल निर्माण से लेकर निगम ने 11 बड़े नालों को डायवर्ट कर जल उपचार संयंत्र लगाने की योजना बनाई है। बायोगैस संयंत्र स्थापित करने से लेकर हर क्षेत्र पर फोकस किया गया है।

नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर की अध्यक्षता तथा महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत व आयुक्त आशुतोष पाण्डेय की विशिष्ट उपस्थिति में निगम के पं जवाहरलाल नेहरू सभागार में  बुधवार को निगम का साधारण सम्मिलन आयोजित किया गया। सम्मिलन के प्रारंभ में पार्षदों द्वारा पूछे गये प्रश्न एवं उनके उत्तर सदन के समक्ष रखे गये,  वहीं साधारण सभा की इतिहास में पहली बार 30 मिनट का ध्यानाकर्षण का समय भी आरक्षित किया गया था। 5 सदस्यों द्वारा विभिन्न विषयों पर सदन का ध्यान आकृष्ट कराया गया। उन पर चर्चा हुई तथा उठाये गये प्रश्नों के उत्तर सदन में प्र्रस्तुत किये गये।

आज सम्पन्न बैठक में सामाजिक सहायता कार्यक्रम अंतर्गत संचालित पेंशन योजना की स्वीकृति की पुष्टि संबंधी प्र्रस्ताव सर्वसम्मति से राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना की स्वीकृति की पुष्टि संबंधी प्रस्ताव सर्वसम्मति से तथा मुख्यमंत्री पेंशन योजना की स्वीकृति की पुष्टि संबंधी प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया, वहीं एजेंडे के बिन्दु क्र.6 में उल्लेखित बुधवारी बाजार पुनर्विकास परियोजना से जुडे़ प्रस्ताव को होल्ड पर रखा गया।

इसी प्रकार डीबीएफओटी मोड पर पीपीपी आधार पर कोरबा नगर निगम में मुड़ापार तालाब के डिजाईन, विकास, वित्त पोषण संचालन प्रबंधन और रखरखाव के लिये रियायतग्राही के चयन के लिये प्रस्ताव हेतु अनुरोध का प्रस्ताव बहुमत से पारित किया गया, वहीं डीबीओटी पीपीपी माडल अंतर्गत 15 वर्ष की लाईसेंस अवधि के लिये ए.टी.एम./  दैनिक उपयोग की दुकान व अन्य सुविधा के साथ-साथ संचालन व संधारण सहित वातानुकूलित बस क्यू शेल्टर  निर्माण संबंधी प्रस्ताव को भी बहुमत से पास किया गया।

स्व. केशवलाल मेहता स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता वर्ष 2026 के आयोजन हेतु आर्थिक सहयोग प्रदान करने संबंधी प्रस्ताव को सर्वसम्मति से एवं नगरीय क्षेत्रों में अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग सामाजिक प्रस्थिति के प्रमाणीकरण की नियम 2013 के तहत जाति प्रमाण पत्र जारी करने संबंधी प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से सदन द्वारा पारित किया गया। तत्पश्चात महापौर संजूदेवी राजपूत द्वारा नगर पालिक निगम कोरबा के वित्तीय वर्ष 2025.26 का पुनरीक्षित बजट एवं वर्ष 2026.27 के अनुमानित आम बजट को सदन के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

महापौर श्रीमती राजपूत ने सदन में अभिभाषण प्रस्तुत किया, बजट पर विस्तार से चर्चा हुई, सदन में तत्समय उपस्थित कुल सदस्यों में से 4 सदस्यों ने हाथ उठाकर बजट पर अपना विरोध दर्ज कराया। अंत में नगर पालिक निगम कोरबा का पुनरीक्षित बजट वर्ष 2025-26 एवं बजट वर्ष 2026-27 भारी बहुमत के साथ पारित किया गया।

बजट की प्रमुख घोषणाएं

  • बरबसपुर में बायोगैस संयंत्र की स्थापना
  • जोगियाडेरा बस्ती का “कौशल्या धाम” के रूप में नामकरण और तीर्थ स्थल के रूप में विकास
  • 11 बड़े नालों के प्रदूषित जल के लिए 33 MLD क्षमता का टर्शियरी ट्रीटमेंट प्लांट
  • उपेक्षित स्थलों को “क्रिएटिव कॉर्नर” के रूप में विकसित करना
  • महापौर की “पाती योजना” की शुरुआत (लेटर बॉक्स के माध्यम से समस्या समाधान)
  • गर्मी में चौक-चौराहों पर छाया के लिए शेड निर्माण
  • सभी 7 जोनों में वातानुकूलित महिला प्रसाधन केंद्र
  • आईटीआई से बालको मार्ग पर “जनजातीय गौरव पथ” का निर्माण
  • इनडोर और आउटडोर स्टेडियम के लिए प्रस्ताव
  • स्लम क्षेत्रों में मच्छर नियंत्रण हेतु ई-रिक्शा माउंटेड फॉगिंग मशीन

ध्यानाकर्षण काल में हंगामा :  इस बैठक में पहली बार ध्यानाकर्षण काल लाया गया, जिसका उद्देश्य पार्षदों द्वारा समस्याओं की ओर ध्यान दिलाना था। हालांकि इस दौरान पक्ष और विपक्ष के पार्षदों के बीच तीखी बहस हुई और अधिकारियों पर आरोप लगाए गए। एक अधिकारी पर तो कार्यवाही की बात भी कही और बताया गया कि वह किसी का फोन रिसीव नहीं करते। दरअसल, नगर पालिक निगम कोरबा में कुल 67 वार्ड हैं, इसमें 45 बीजेपी के हैं, जबकि 11 पार्षद कांग्रेस और 11 ही निर्दलीय हैं।

12 में से एक प्रस्ताव होल्ड :  सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने बताया कि नगर पालिका निगम का बजट आज पेश किया गया है। बुधवार को 12 प्रस्ताव रखे गए थे इसमें से केवल एक प्रस्ताव को होल्ड रखा गया है बाकी सभी को पारित कर दिया गया है। नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि सभी का सहयोग रहा चाहे वह पक्ष हो या विपक्ष, अगली बार से ध्यानआकर्षण का उपयोग और अच्छी तरीके से किया जाएगा और शहर की जो समस्याएं हैं उस पर अच्छे निर्णय पर पहुंचेंगे।

सबका ध्यान रखा गया:  महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि आज का जो बजट है, हमारे कोरबा शहर को ध्यान में रखते हुए आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह बजट पेश किया गया है। इसके कुल लागत 900 करोड रुपए है, जो बुधवारी बाजार है, वहां पहले सदस्यों की संख्या कम थी, गुजारा हो जाता था, लेकिन दिनों दिन संख्या बढ़ रही है। इस प्रस्ताव को फिलहाल विचार के लिए रखा गया है। महापौर ने कहा कि पूरे क्षेत्र को देखते हुए कार्य हो रहे हैं। कई कार्य हैं जो स्वीकृति के लिए लंबित हैं। अभी बरबसपुर में बायोगैस संयंत्र शुरू होगा। कोरबा शहर के 11 नाल को जोड़ने का काम हो रहा है। एनटीपीसी को इसका पानी बेचा जाएगा। शहर को देखते हुए ही प्लान बनाया जा रहा है। मेयर ने आगे कहा कि सुनालिया पुल पर जो भीड़ लगती है। उस भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए यहां एक पुल का निर्माण किया जाएगा, इसका प्रावधान में बजट में किया गया है।

Search

Archives