कोरबा। कोरबा-पश्चिम बांकीमोंगरा अंतर्गत सोमवारी बाजार स्थित एक फर्नीचर दुकान में भीषण आग लग गई। जब तक आग पर काबू पाया जाता हजारों रुपए कीमती फर्नीचर जलकर खाक हो गए। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है।
आग की लपटें इतनी तेज थी कि दुकान की छत की सीटें भी टूटकर बाहर निकलने लगीं। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
बांकीमोंगरा थाना अंतर्गत सोमवारी बाजार में फर्नीचर दुकान संचालित है। जहां अचानक आग लग गई। दुकान के भीतर बड़ी मात्रा में लकड़ी, सोफा, कुर्सियां, टेबल और अन्य महंगे फर्नीचर रखे हुए थे। आग लगते ही लकड़ी के सामनों के कारण तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में पूरी दुकान इसकी चपेट में आ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के व्यापारियों में हड़कंप मच गया। लोगों को आशंका थी कि आग यदि आगे बढ़ती तो आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी।







