कोरबा। जिले के सोनपुरी गांव में रहने वाली नागेश्वरी रजवाड़े उस समय सहम गई जब वो रात्रि के 8 बजे के आसपास घर पर पूजा कर रही थी और तभी एक विशालकाय कोबरा (नाग) कही से घर में घुस गया। कोबरा को देखते ही महिला घर के दूसरे कमरे के अंदर भाग खड़ी हुई और आस पास के लोगों को फोन से सांप होने की जानकारी दी और मदद के लिए बुलाया फिर कुछ लोग आए और उसको भगाने का प्रयास भी किया पर उसमें सफल नहीं हुए और कोबरा एक किनारे गमले के पीछे जाकर बैठ गया फिर आस पास के लोगों ने इसकी जानकारी वाइल्डलाइफ रेस्क्यु टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी को दी।
सूचना मिलते ही सारथी ने थोड़ी देर में पहुंचने की बात कही फिर आखिरकार कुछ समय बाद सोनपुरी गांव पहुंचे और 6 फीट के विशालकाय कोबरा को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यु कर थैले में रखा गया। तब जाकर सभी ने राहत भरी सांस ली और जितेंद्र सारथी का धन्यवाद् ज्ञापित किया। कोबरा को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।
जितेंद्र सारथी ने बताया सांप हमारे पर्यावरण के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, इसलिए उनको मारने के बजाय हमें सूचना दे, ताकि हम सही समय पर पहुंच कर लोगों के साथ एक बेजुबान जीव को बचा पाए। साथ ही जाने अनजाने सर्पदंश हो तो बिना देरी किए हस्पताल जाएं, ताकि सही समय पर उपचार हो सके, झाड़ फूक के चक्कर में बिल्कुल न रहें।







