रांची। झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अंचल कार्यालय में पदस्थ राजस्व कर्मचारी शनि बर्मन को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।
ACB जमशेदपुर टीम ने यह कार्रवाई राजेश हेम्ब्रम नामक व्यक्ति की शिकायत पर की। शिकायतकर्ता का आरोप था कि पुश्तैनी जमीन से जुड़े ऑनलाइन पंजी-2 में नाम दर्ज कराने के एवज में राजस्व कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगी जा रही थी।
एसीबी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जाल बिछाया और जैसे ही शनि बर्मन ने 10 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस गिरफ्तारी के बाद अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया है। वहीं, स्थानीय लोगों ने ACB की तत्परता और पारदर्शिता के प्रति इस कार्रवाई की सराहना की है। लोगों ने शिकायतकर्ता राजेश हेम्ब्रम की हिम्मत को भी सलाम किया है, जिन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई। इस कार्रवाई से यह संदेश गया है कि झारखंड सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कायम है।







