जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के देवरी गांव में हसदेव नदी में हुए हादसे में लापता चौकसे कॉलेज के तीनों छात्रों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मृतकों की पहचान मुरारी साहू, पवन पाल और सचिन सिंह के रूप में हुई है। तीनों बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के छात्र बताए जा रहे हैं। बताया गया कि 11 सितंबर को कॉलेज के 8 छात्र-छात्राएं वाहन बुक कर पिकनिक मनाने देवरी गांव पहुंचे थे। इसी दौरान नदी में यह हादसा हो गया।
पुलिस और SDRF ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन : घटना की सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस और नगर सैनिक गोताखोर मौके पर पहुंचे। इसके बाद लापता छात्रों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। बाद में बिलासपुर SDRF की टीम ने भी अभियान में मोर्चा संभाल लिया। कई घंटे की तलाश के बाद शनिवार को घटनास्थल से करीब 4 किलोमीटर दूर पवन पाल का शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
रविवार सुबह मिले मुरारी और सचिन के शव : पवन के बाद मुरारी और सचिन की तलाश लगातार जारी रही। रविवार सुबह बिलासपुर एसडीआरएफ की टीम ने करीब 6:15 बजे मुरारी साहू और 7 बजे सचिन सिंह का शव बरामद कर लिया। बताया गया कि दोनों के शव नदी में पत्थरों के नीचे बने खोखरानुमा हिस्से में फंसे हुए थे। एसडीआरएफ टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला।
पसरा मातम : तीनों छात्रों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। हसदेव नदी में हुए इस हादसे के बाद तीनों छात्रों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पिकनिक की खुशी कुछ ही देर में परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गई।







