Home » हत्या की नीयत से हमला करने वाले तीन गिरफ्तार, डीजे बंद कराने को लेकर हुआ था विवाद
जांजगीर-चांपा

हत्या की नीयत से हमला करने वाले तीन गिरफ्तार, डीजे बंद कराने को लेकर हुआ था विवाद

जांजगीर-चांपा।  जिले के ग्राम बनाहिल में शादी समारोह के दौरान डीजे बंद कराने को लेकर हुए विवाद में हत्या के प्रयास के तीन आरोपियों को मुलमुला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह घटना 22 फरवरी की रात को हुई थी। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मुलमुला थाना प्रभारी पारस पटेल ने बताया कि पीड़ित राकेश केवट ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 22 फरवरी की रात उसके दोस्त विकास केवट की बहन की शादी थी। चुलमाटी कार्यक्रम के दौरान डीजे बज रहा था।

इसी दौरान दिलीप केवट गाली-गलौज करते हुए रांपा लेकर पहुंचा। राकेश के विरोध करने पर दिलीप ने उसके सिर पर रांपा से वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद दुर्गेश केवट और साहिल केवट डंडा लेकर पहुंचे और राकेश के साथ मारपीट करने लगे। घटना की रिपोर्ट पर मुलमुला थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस ने तीनों आरोपियों दिलीप केवट (27 वर्ष), दुर्गेश केवट (26 वर्ष) और साहिल केवट (19 वर्ष) को हिरासत में लिया। ये सभी बनाहिल गांव के निवासी हैं। पूछताछ में उन्होंने रांपा से हमला और डंडे से मारपीट की बात स्वीकार की। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 109 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Search

Archives