मास्को। रूस ने यूक्रेनी नौसेना के टोही जहाज सिम्फेरोपोल को एक ड्रोन हमले में तबाह कर दिया है। जिसके बाद यूक्रेनी नौसेना का यह विशालकाय जहाज डेन्यूब नदी के डेल्टा में डूब गया। एक दशक से भी अधिक समय में यूक्रेन द्वारा कमीशन किया गया यह सबसे बड़ा जहाज था।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि यूक्रेन का यह जहाज रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक, रडार और ऑप्टिकल टोही कार्यों के लिए डिजाइन किया गया लगुना-श्रेणी का मध्यम आकार का जहाज था। रूस ने दावा किया है कि यह जहाज समुद्री ड्रोन के पहले सफल प्रयोग का शिकार हो गया। यूक्रेनी अधिकारियों ने भी जहाज पर हमले की पुष्टि की है।
ट्रंप हमलों से हैरान नहीं
वहीं, गुरुवार को कीव पर रूसी हमले में 21 लोगों की मौत के बाद व्हाइट हाउस ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि ‘कीव पर हुए रूस के हवाई हमलों से राष्ट्रपति डानल्ड ट्रंप खुश नहीं हैं, लेकिन वह हैरान भी नहीं हैं।’ दूसरी ओर इन हमलों को लेकर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि रूस ने अपनी बर्बरता की सारी हदें पार कर दी हैं।
आरटी की रिपोर्ट के अनुसार, रूस के रक्षा मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है कि रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक, रडार और ऑप्टिकल टोही के लिए डिजाइन किया गया लगुना श्रेणी का मध्यम आकार का यह जहाज को डेन्यूब नदी के डेल्टा में निशाना बनाया गया. इस नदी का एक हिस्सा यूक्रेन के ओडेसा क्षेत्र में स्थित है।
आरटी की रिपोर्ट में टीएएसएस की रिपोर्ट का हवाला दिया गया है. उस रिपोर्ट में एक यूएवी विशेषज्ञ ने बताया है कि यूक्रेनी नौसेना के जहाज को तबाह करने के लिए यह समुद्री ड्रोन का पहला सफल उपयोग था।
यूक्रेनी अधिकारियों ने भी पुष्टि की कि जहाज पर हमला किया गया है। यूक्रेनी अखबार, कीव इंडिपेंडेंट ने गुरुवार को एक रिपोर्ट छापी जिसके अनुसार यूक्रेनी नौसेना के प्रवक्ता ने कहा कि इस हमले में चालक दल (क्रू मेंबर) के एक सदस्य की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
प्रवक्ता के हवाले से कहा गया, “हमले के बाद के हालात से निपटने के प्रयास जारी हैं। चालक दल के अधिकांश सदस्य सुरक्षित हैं और कई लापता नाविकों की तलाश जारी है।”
यूक्रेन के लिए कितना अहम था सिम्फरोपोल?
सिम्फरोपोल को 2019 में लॉन्च किया गया था और दो साल बाद यूक्रेनी नौसेना में शामिल हो गया। वारगोंजो टेलीग्राम चैनल के अनुसार, यह जहाज 2014 के बाद से कीव द्वारा लॉन्च किया गया सबसे बड़ा जहाज था।
रूस ने हाल के महीनों में समुद्री ड्रोन के साथ-साथ अन्य मानवरहित प्रणालियों के उत्पादन में तेजी लाने के लिए आगे कदम बढ़ाया है। वो यूक्रेन संघर्ष में तेजी से इनका प्रयोग कर रहा है।
आरटी की रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेनी राजनेता इगोर ज़िन्केविच ने गुरुवार को दावा किया कि रूस ने रात भर में दो मिसाइल हमलों के साथ कीव में एक प्रमुख ड्रोन सुविधा पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि साइट तुर्की बेराकटार ड्रोन का उत्पादन करने की तैयारी कर रही थी।







