इजरायल। अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमलों के बाद अब जवाबी हमलों का सिलसिला शुरू हो गया है। इस तनाव भरे माहौल में इजरायल ने हिजबुल्लाह के रॉकेट हमलों को रोकने के लिए अपना लेजर आधारित एयर डिफेंस सिस्टम आयरन बीम तैनात कर दिया है।
इस बीच आयरन बीम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर खासा वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि रॉकेट और अन्य हवाई खतरे हवा में ही गायब हो रहे हैं, बिना किसी मिसाइल या विस्फोट के निशान के ये सब हो रहा है। यह सब निर्देशित ऊर्जा हथियार यानी लेजर बीम का कमाल है। आयरन बीम अब सक्रिय रूप से काम कर रहा है और आने वाले रॉकेट्स को बीच हवा में ही नेस्तनाबूद कर रहा है।
पारंपरिक डिफेंस सिस्टम की तरह इसमें गोले या मिसाइल नहीं छूटते, बल्कि सिर्फ एक अदृश्य लेजर किरण से काम हो जाता है। इससे दुश्मन को भी समझ नहीं आता कि हमला कहां से हुआ। आयरन बीम एक हाई-एनर्जी डायरेक्टेड एनर्जी वेपन है, जो खास तौर पर छोटी दूरी के एयर डिफेंस के लिए बनाया गया है। यह सिस्टम एक ट्रक पर लगाया जाता है, जिससे इसे जरूरत पडऩे पर आसानी से एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जा सकता है। इसका मुख्य हिस्सा एक बड़ा गोलाकार लेंस है जो नीले आसमान की तरफ देखता हुआ नजर आता है।
यह सिस्टम करीब 100 किलोवाट का सॉलिड-स्टेट लेजर इस्तेमाल करता है। लेजर किरण इतनी ताकतवर होती है कि टारगेट को तुरंत गर्म कर देती है, जलाती है या उसकी संरचना को कमजोर करके हवा में ही तबाह कर देती है। इससे रॉकेट या ड्रोन बिना जमीन पर पहुंचे ही खत्म हो जाते हैं।







