Home » वर्जीनिया के पूर्व लेफ्टिनेंट गवर्नर ने पत्नी की हत्या कर खुद को मारी गोली, तलाक का था मामला
दिल्ली-एनसीआर दुनिया

वर्जीनिया के पूर्व लेफ्टिनेंट गवर्नर ने पत्नी की हत्या कर खुद को मारी गोली, तलाक का था मामला

नई दिल्ली। वर्जीनिया के पूर्व लेफ्टिनेंट गवर्नर जस्टिन फेयरफैक्स से जुड़ी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पुलिस और कोर्ट रिकॉर्ड के अनुसार, फेयरफैक्स ने गुरुवार को अपनी अलग रह रही पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। यह घटना वाशिंगटन, डीसी के एनांडेल स्थित उनके घर की बताई जा रही है।

फेयरफैक्स काउंटी पुलिस प्रमुख केविन डेविस ने बताया कि 47 साल के जस्टिन फेयरफैक्स और उनकी 49 साल की पत्नी डॉ. सेरिना फेयरफैक्स का शव उनके घर से बरामद किया गया। जांच के अनुसार, फेयरफैक्स ने अपनी पत्नी को घर के बेसमेंट में गोली मारी और फिर ऊपर जाकर खुद को भी गोली मार ली। इस घटना की सूचना उनके बेटे ने 911 पर कॉल करके दी। यह दंपती पिछले दो सालों से अलग रह रहे थे, हालांकि दोनों अपने दो बच्चों के साथ उसी घर में थे। घटना के समय बच्चे भी घर में मौजूद थे, जिससे इस हादसे का मानसिक प्रभाव और गंभीर माना जा रहा है।

कोर्ट के दस्तावेजों से पता चलता है कि दंपती के बीच लंबे समय से तनाव की स्थिति थी। हाल ही में एक जज ने जस्टिन फेयरफैक्स को अप्रैल के अंत तक घर खाली करने का आदेश दिया था। जज ने अपने आदेश में उनके अकेलेपन, अत्यधिक शराब सेवन और पारिवारिक दूरी को गंभीर चिंता का विषय बताया था, जो उनकी बिगड़ती मानसिक स्थिति की ओर इशारा करता है।

सूत्रों की माने तो, फेयरफैक्स पिछले कुछ समय से गहरे अवसाद में थे। 2019 में उन पर लगे यौन उत्पीडऩ के आरोपों ने उनके राजनीतिक करियर को बड़ा झटका दिया था। हालांकि उन्होंने इन आरोपों को आपसी सहमति वाला संबंध बताया था, लेकिन विवाद के बाद उन्हें राजनीतिक और पेशेवर जीवन में भारी नुकसान उठाना पड़ा। 2021 में गवर्नर पद के लिए उनकी दावेदारी भी असफल रही। इसके अलावा, कोर्ट रिकॉर्ड में यह भी सामने आया है कि फेयरफैक्स आर्थिक समस्याओं से जूझ रहे थे और उनके ऊपर टैक्स बकाया का मामला भी चल रहा था। उनकी पत्नी ने तलाक की प्रक्रिया के दौरान उनके अत्यधिक शराब सेवन और घर में अव्यवस्थित जीवनशैली का भी जिक्र किया था।

पुलिस के अनुसार, इससे पहले जनवरी में भी घरेलू विवाद को लेकर शिकायत मिली थी, लेकिन जांच में आरोप सही नहीं पाए गए। इस घटना ने पूरे वर्जीनिया और राजनीतिक दलों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस प्रमुख केविन डेविस ने कहा, यह उनके परिजनों के लिए बेहद दुखद घटना है। जो लोग इस परिवार को जानते थे, वे सभी दुखी हैं।

Search

Archives