केपटाउन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से सार्वजनिक मंचों पर दक्षिण अफ्रीका को लेकर दिए गए बयानों और उनके जी20 सम्मेलन में न आने की पुष्टि होने के बाद दोनों देशों के रिश्ते में तनाव और बढ़ गया है। इस बीच दक्षिण अफ्रीका ने स्पष्ट कर दिया है कि वह जी20 अध्यक्षता का प्रतीकात्मक हस्तांतरण किसी जूनियर अमेरिकी अधिकारी को नहीं करेगा।
गौरतलब है कि यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब व्हाइट हाउस के अधिकारी ने दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा को अमेरिका और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ अनुचित टिप्पणी न करने की चेतावनी दी।
बता दें कि जी20 आयोजनों में अब तक चलन रहा है कि जो भी देश इस संगठन की अगली अध्यक्षता संभालता है, उसके राष्ट्र प्रमुख या विशेष नेता-प्राधिकारी ही आयोजक देश से अध्यक्षता का प्रतीकात्मक हैंडओवर लेता है। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने जी20 का बहिष्कार करने का संकेत दिया है। इसके बाद अमेरिका ने जी20 अध्यक्षता के हस्तांतरण के लिए आठ सदस्यीय एक दल को भेजने के लिए दक्षिण अफ्रीका से अनुमति मांगी। इसका नेतृत्व अमेरिका के राजनयिक मार्क जिलार्ड करेंगे। इसे लेकर पहले राष्ट्रपति रामाफोसा ने सौहार्दपूर्ण रुख अपनाया था, लेकिन देर शाम उनके प्रवक्ता विंसेंट मैग्वेन्या ने सोशल मीडिया पर लिखा कि राष्ट्रपति किसी जूनियर अधिकारी को अध्यक्षता नहीं सौंपेंगे।







