Home » सनसनीखेज वारदात! दहेज के लिए विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या, पति सहित पांच पर एफआईआर
हरियाणा

सनसनीखेज वारदात! दहेज के लिए विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या, पति सहित पांच पर एफआईआर

कैथल। कैथल जिले के पूंडरी से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां डुलयाणी गांव में दहेज के लोभियों ने एक विवाहिता की डंडों और बैट से पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें विवाहिता बचाव के लिए चिल्लाती सुनाई दे रही है।

मृतका के पिता की शिकायत पर पति समेत पांच ससुराल वालों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।

मृतका की पहचान सिरटा रोड कैथल निवासी 31 वर्षीय ज्योति के रूप में हुई है। ज्योति की शादी करीब दस साल पहले गांव डुलयाणी निवासी सुरजीत के साथ हुई थी। पूंडरी थाना पुलिस ने मृतका के पिता वेदप्रकाश की शिकायत पर पति सुरजीत, ससुर ईश्वर सिंह, सास बीरमति, देवर बिंद्र व ननद गुरमीत के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कर लिया है। हालांकि पुलिस ने विवाहिता के पति सुरजीत को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस को दी शिकायत में वेदप्रकाश ने कहा है कि वह मेहनत मजदूरी करता है। उसके पास चार बच्चे हैं, जिनमें एक लड़का व तीन लड़की है। दूसरे नंबर की लड़की ज्योति की शादी करीब 10 साल पहले सुरजीत पुत्र ईश्वर सिंह गांव डुलयाणी से हुई थी। शादी के बाद उसके पास दो बच्चे, जिनमें एक लड़की और एक लड़का है। बच्चे होने के बाद से ससुराल वाले उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे और मायके से पैसे लाने के लिए दबाव डालते थे।

2021 में महिला थाने में शिकायत भी हुई, लेकिन पंचायती फैसला हो गया था। मृतका के पिता के मुताबिक, सोमवार दोपहर साढ़े तीन बजे उसके जमाई के फोन से उसकी लड़की के ससुर ने फोन किया और कहा कि अपनी बेटी को यहां से ले जाओ। इसके बाद उसने अपने भतीजे आशीष और छोटी लड़की अंजू को तुरंत वहां भेज दिया। जब वे मौके पर पहुंचे, तो पाया कि लड़की गंभीर हालात में चारपाई के सहारे पड़ी हुई थी। वे उसे लेकर नागरिक अस्पताल में पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मारपीट के दौरान ज्योति के सिर, हाथ, पैर और कमर पर गंभीर चोट लगी थी।

Search

Archives