Home » लुटेरी दुल्हन का षड्यंत्र फेल : खुद तो फंसी गैंग भी फंसवा दिया, खाने में मिलाया नशीला पदार्थ
हरियाणा

लुटेरी दुल्हन का षड्यंत्र फेल : खुद तो फंसी गैंग भी फंसवा दिया, खाने में मिलाया नशीला पदार्थ

झज्जर। गांव सुरहा में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी के पवित्र बंधन की आड़ में एक परिवार को लूटने की साजिश रची गई। हालांकि, ग्रामीणों की तत्परता और सीसीटीवी तकनीक की मदद से बड़ी वारदात को अंजाम देने वाली लुटेरी दुल्हन और उसके साथियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी हरकेश ने बीते 22 जनवरी को एक महिला बिचौलिया के माध्यम से पंजाब की रहने वाली मनु नामक युवती से विवाह किया था। जिक्र इस बात का भी है कि शादी के बदले बिचौलिए के साथ करीब डेढ़ लाख रुपये का लेन-देन भी किया गया था, हरकेश ने ब्याज पर कर्ज लेकर जिसे जुटाया था।

अभी घर में शादी की खुशियां और जश्न का माहौल थमा भी नहीं था कि मंगलवार रात नई दुल्हन मनु ने योजनाबद्ध तरीके से रात के खाने (सब्जी) में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाते ही हरकेश, उसकी मां, बहन, जीजा और भतीजा आदि गहरी नींद में सो गए।

सीसीटीवी से मदद और ग्रामीणों की बहादुरी

आधी रात के बाद जब परिवार बेहोश था, तब मनु ने अपने कथित मामा सुखदेव और अन्य साथियों को बुला लिया। वे घर से जेवर और 70 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार होने ही वाले थे कि पड़ोस में रहने वाले युवक की नजर अपने घर के सीसीटीवी फुटेज पर पड़ी।

संदिग्ध गतिविधियों को देखते ही उस युवक ने तुरंत शोर मचाया और अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर अपनी गाड़ी से पीछा शुरू किया। करीब दो किलोमीटर की दूरी पर ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दुल्हन और उसके दो साथियों को दबोच लिया।

उसका कथित मामा सुखदेव नकदी और जेवरों से भरा बैग लेकर फरार होने में सफल रहा। हालांकि, ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपितों को तुरंत स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इधर, पुलिस चौकी दुलीना प्रभारी संदीप ने बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को पकड़ा गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Search

Archives