Home » अहमदाबाद प्लेन हादसा : विमान में नहीं थी कोई खराबी, फ्यूल सप्लाई कंट्रोल स्विच था बंद
गुजरात

अहमदाबाद प्लेन हादसा : विमान में नहीं थी कोई खराबी, फ्यूल सप्लाई कंट्रोल स्विच था बंद

अमेरिकी मीडिया का दावा, आज आ सकती है रिपोर्ट

अहमदाबाद। 12 जून को अहमदाबाद प्लेन क्रैश मामले की शुरूआती जांच में चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। शुरूआती जांच में पता चला है कि, हादसे का शिकार हुए एअर इंडिया का विमान एआई -171 में कोई तकनीकि खराबी नहीं थी। इस हादसे में जिसमें प्लेन में सवार 242 में से 241 लोगों की मौत हो गई थी। बता दें कि, इस हादसे को लेकर जांच लगातार जारी है और अभी एक प्रारंभिक रिपोर्ट जल्द सामने आने वाली है, जिसमें चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।

अमेरिकी मीडिया ने किया चौकाने वाला दावा

अमेरीकी मीडिया वॉल स्ट्रीट जनरल ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि, प्लेन के दोनों इंजनों में फ्यूल सप्लाई कंट्रोल करने वाले स्विच बंद कर दिए गए थे, जिससे टेकऑफ के तुरंत बाद इंजन में ताकत (थ्रस्ट) खत्म हो गई। पायलट आमतौर पर इन स्विच का इस्तेमाल इंजन चालू करने, बंद करने या किसी आपात स्थिति में रीसेट करने के लिए करते हैं।

इधर, हादसे की प्राइमरी जांच रिपोर्ट आज सार्वजनिक हो सकती है। मामले की जांच एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) कर रही है। नियमों के मुताबिक, हादसे के 30 दिनों के भीतर रिपोर्ट अपलोड करनी होती है।

फ्यूल स्विच क्यों है इतना अहम?

ड्रीमलाइनर विमान के दोनों इंजनों में रन और कटऑफ नाम के दो पोजिशन होते हैं। अगर विमान हवा में है और स्विच कटऑफ पर चला जाए तो इंजन को फ्यूल मिलना बंद हो जाता है, जिससे ताकत (थ्रस्ट) खत्म हो जाती है और बिजली सप्लाई भी रुक सकती है, जिससे कॉकपिट के कई उपकरण भी बंद हो सकते हैं।

एक्सपर्ट बोले- पायलट ने इमरजेंसी में ही फ्यूल स्विच दबाया

एविएशन एक्सपर्ट कैप्टन राकेश राय के मुताबिक, ‘कोई भी पायलट विमान में आकर फ्यूल स्विच से खेल नहीं करता। अगर ऐसा किया गया, तो जरूर कोई तकनीकी दिक्कत हुई होगी।’

राज्य मंत्री बोले थे- यह पहली बार, जब दोनों इंजन फेल

इससे पहले 28 जून को नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने बताया था कि विमान हादसे की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है, जिसमें साजिश (सैबोटाज) की आशंका को भी खंगाला जा रहा है। वहीं, तीन महीने में विस्तृत जांच रिपोर्ट आ सकती है।

ब्लैक बॉक्स डेटा ने दिखाया संदिग्ध मूवमेंट

अमेरिका की एविएशन वेबसाइट दि एयर कंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, ब्लैक बॉक्स के शुरुआती डेटा में दोनों इंजन के फ्यूल स्विच के मूवमेंट की जानकारी सामने आई है। अभी यह साफ नहीं है कि यह मूवमेंट पायलट की गलती से हुआ, तकनीकी खराबी के कारण या किसी और वजह से हुआ है।

अमेरिकी एविएशन सेफ्टी एक्सपर्ट जॉन कॉक्स के अनुसार, यह स्विच इतना सेंसिटिव नहीं होता कि गलती से हाथ लगने से चालू हो जाए। इसे जमीन पर ही ऑन/ऑफ किया जाता है।

विस्तृत रिपोर्ट 3 महीने में आने की संभावना

केंद्रीय मंत्री ने कहा था कि हादसे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है कि यह इंजन फेलियर, फ्यूल सप्लाई की समस्या या कोई तकनीकी गड़बड़ी की वजह से हुआ। ब्लैक बॉक्स भारत में ही है, उसे विदेश नहीं भेजा जाएगा। इसमें मौजूद सीवीआर और एफडीआर की जांच की जा रही है। विस्तृत 3 महीने में रिपोर्ट आने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि डीजीसीए (नागर विमानन महानिदेशालय) के आदेश पर एअर इंडिया के सभी 33 ड्रीमलाइनर विमानों की जांच कर ली गई है और सब कुछ सुरक्षित पाया गया है। ये हादसा एक अपवाद था, अब लोग बिना डर के यात्रा कर सकते हैं। एएआईबी इसकी हर एंगल से जांच कर रहा है। सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं और कई एजेंसियां मिलकर जांच में जुटी हैं।’

गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी का भी निधन हुआ था

एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआई 171 अहमदाबाद से लंदन जा रही थी। इसमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक समेत कुल 230 यात्री सवार थे। इनमें 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात शामिल हैं। बाकी 12 क्रू मेंबर्स थे। हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी निधन हो गया।

Search