दुर्ग। पूर्व मंत्री के रिश्तेदार के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पूर्व मंत्री और विधायक बृजमोहन अग्रवाल के रिश्तेदार के घर पद्मनाभपुर में करोड़ों की चोरी करने वाले मास्टरमाइंड को पुलिस ने गोवा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से 3 किलो सोना, 15 किलो चांदी और 6 लाख नगद बरामद किया है। पुलिस ने उसके तीन दोस्तों को भी पकड़ा है। ये तीनों मास्टरमाइंड के साथ अय्याशी करने गोवा गए थे।
बता दें कि बीते दिनों कॉन्ट्रेक्टर पंकज राठी के आदर्श नगर स्थित घर में चोरों ने धावा बोला था, जिस दिन चोरों ने घटना को अंजाम दिया उस रोज घर के सभी सदस्य पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के घर शादी समारोह में शामिल होने के लिए रायपुर गए हुए थे। सूने मकान से चोरों ने डेढ़ किलो सोना, 15 किलो चांदी और 10 लाख रुपए नगद सहित करीब डेढ़ करोड़ रुपये की चोरी कर फरार हो गए थे। पद्मनाभपुर थाना पुलिस सहित साइबर टीम मामले की जांच में जुटी हुई थी।
बताया जाता है कि पंकज राठी पूर्व मंत्री बृजमोहन के दामाद के जीजा हैंए उनका परिवार 5 फरवरी को शादी समारोह में शामिल होने दुर्ग से रायपुर के लिए निकला था। मंगलवार सुबह पड़ोसियों ने फोन कर घटना की जानकारी दी। इधर घटना की सूचना मिलने के बाद से ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। फिलहाल पुलिस ने मास्टरमाइंड के साथ 3 अन्य को भी हिरासत में लिया है। बताया जा रहा कि चोरी का मास्टरमाइंड 12 साल नागपुर जेल में में रह चुका है वह 40 से ज्यादा चोरी की घटना को अंजमा दे चुका है।







