नई दिल्ली। सागर जिले के एक सरकारी बालिका छात्रावास में सब्जी विक्रेता अल्ताफ ने 12 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। मामला शनिवार को तब सामने आया, जब बालिका के पेट में तेज दर्द हुआ।
स्वजन ने जब भोपाल में छात्रा का चिकित्सीय परीक्षण कराया तो पता चला कि बच्ची तीन महीने की गर्भवती है। पीड़ित छात्रा विदिशा जिले की रहने वाली है, वह दो साल से सागर जिले के एक कस्तूरबा आवासीय विद्यालय के छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही है।
फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित अल्ताफ को गिरफ्तार कर लिया है। खुरई पुलिस की एक टीम को बालिका का बयान दर्ज करने के लिए भोपाल भेजा गया है। छात्रावास में अल्ताफ नाम का युवक सब्जी देने आता था। उसने कुछ महीनों से बालिका को फुसलाना शुरू किया।
हॉस्टल के कमरे में घुसकर किया दुष्कर्म
सितंबर 2025 में उसने छात्रावास के कमरे में घुसकर छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर उसने मारने की धमकी दी। डरी-सहमी छात्रा ने इस घटना का किसी से जिक्र नहीं किया तो उसका हौसला बढ़ गया। उसके बाद आरोपित को जब भी मौका मिलता, वह दुष्कर्म करता रहा। पिछले शनिवार को छात्रा के पेट में दर्द हुआ तो उसने वार्डन और चौकीदार को बताया।
वार्डन ने छात्रा के माता-पिता को बुलाया। एक फरवरी को स्वजन उसे भोपाल के अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां जांच में पता चला कि उसके गर्भ में तीन महीने का भ्रूण है। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर भोपाल के कोहेफिजा थाना पुलिस ने जीरो एफआइआर दर्ज कर उसे खुरई थाने भेजा।
आरोपित के आटो से आती-जाती थी वार्डन
सामने आया है कि आरोपित अल्ताफ 15 वर्षों से दो छात्रावासों को सब्जियां पहुंचा रहा है। उसके पास आटो है। इस छात्रावास की वार्डन भी कहीं आने-जाने के लिए आरोपित के ही आटो रिक्शा का प्रयोग करती थी।







