नईदिल्ली। क्या ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय वायु सेना ने किराना हिल्स पर हमला किया था। यही वो सवाल है, जो पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के बाद सामने आया। अब ये सवाल फिर से देश की जनता के सामने आया है कि क्या भारत ने पाकिस्तान के परमाणु ठिकाने को निशाना बनाया था।
दरअसल, वायु सेना ने गणतंत्र दिवस पर एक वीडियो जारी किया है, जिसमें पाकिस्तान के सरगोधा में न्यूक्लियर बेस पर हमला होते हुए दिखाया गया है। इतना ही नहीं साथ में भारतीय जेट्स राफेल, सुखोई, जगुआर और तेजस के फुटेज और शांति के रखवाले जैसे शब्द भी हैं। भारतीय वायुसेना के वीडियो में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान नूर खान बेस और पाकिस्तान के दूसरे मिलिट्री ठिकानों पर हमले की तस्वीरें भी दिखाई गई हैं और हाल ही में एक रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय हमलों ने पाकिस्तान को शांति की अपील करने पर मजबूर कर दिया।
गणतंत्र दिवस के मौके पर जारी वीडियो में फाइटर जेट्स का सिंदूर फॉर्मेशन दिखाया और कहा गया, मैं (फाइटर जेट) शांति का अटूट गारंटर हूं। अगर कोई बुरी नजर इस शांति को तोड़ऩे की हिम्मत करती है तो मैं शांति के भयंकर रक्षक के रूप में खड़ा होता हूं। अचूक, अभेद्य, सटीक। पिछले साल इस बात पर काफी अटकलें लगाई जा रही थीं कि क्या भारत ने किराना हिल्स पर हमला किया था, क्योंकि इसे पाकिस्तान के न्यूक्लियर हथियारों के गोदामों में से एक माना जाता है। 12 मई, 2025 को संघर्ष के बीच, मीडिया के एक सवाल का जवाब देते हुए, एयर मार्शल भारती ने तब मुस्कुराते हुए कहा था, “हमने किराना हिल्स पर हमला नहीं किया है, वहां जो कुछ भी है। मैंने कल अपनी ब्रीफिंग में इस बारे में नहीं बताया था।
पिछले साल ऑपरेशन पर एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान एयर मार्शल एके भारती ने कहा था कि भारत ने किराना हिल्स पर हमला नहीं किया था। अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर पोस्ट किए गए लेटेस्ट वीडियो के बारे में पूछे जाने पर भारतीय वायुसेना ने भी यही रुख बनाए रखा। वायुसेना के प्रवक्ता विंग कमांडर जयदीप सिंह ने कहा, हम अभी भी ऑफिशियल वर्जन पर कायम हैं।







