बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के ललहीखार स्थित गोइंदा तालाब में डूबे युवक का शव गुरूवार को दूसरे दिन एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। इधर परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार तिफरा निवासी मोनू ध्रुव 29 वर्ष बुधवार को अपने दोस्तों के साथ सकरी क्षेत्र के ललहीखार पिकनिक मनाने गया था। दोपहर के समय सभी मित्र पास ही स्थित सलमपुर के गोइंदा तालाब के किनारे पहुंचे, जहां बर्तन धोने के दौरान मोनू नहाने के लिए तालाब में उतर गया। इसी दौरान तालाब की गहराई का अंदाजा न होने से वह पानी में डूबने लगा। मौके पर मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह देखते ही देखते पानी में समा गया और लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस और डॉयल 112 की टीम मौके पर पहुंची और शाम तक तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू रोकना पड़ा। गुरूवार सुबह करीब 6 बजे एसडीआरएफ की टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लगभग पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 11 बजे गोताखोरों ने युवक का शव तालाब से बाहर निकाला। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।







