सरगुजा। जिले के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र में जंगली सूअर के शिकार के लिए बिछाए गए करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 मार्च को जयप्रकाश यादव ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि उसका जीजा मिश्रालाल यादव बडेरा जंगल में करंट युक्त तार की चपेट में आ गया था। इससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। जांच में पता चला कि आरोपियों ने जंगली सूअरों के शिकार के उद्देश्य से यह जाल बिछाया था। उन्होंने बिजली खंभे से अवैध हुकिंग कर जंगल में नंगे तार फैलाए थे। युवक अनजाने में इन तारों की चपेट में आ गया था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता से जांच की। उन्होंने आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों में जयपाल तिर्की, विश्वनाथ मांझी, धुरसाय मांझी, श्याम सुंदर कुजूर, निर्मल उर्फ गेद्दा कुजूर और जहूर साय शामिल हैं, जो सभी असकरा गांव के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा और लाल रंग का तार जब्त किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।







