Home » छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, रायपुर-दुर्ग समेत कई जगह बारिश
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, रायपुर-दुर्ग समेत कई जगह बारिश

12 जिलों में 40 किमी की रफ्तार से चलेगी हवा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। प्रदेश के कई हिस्सों में आज भी बारिश और गरज-चमक का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में मौसम बिगड़ने के दौरान तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव समेत कई इलाकों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

लगातार बारिश के बाद अब कई नदी-नालों का जलस्तर धीरे-धीरे कम होने लगा है। रायपुर में महादेवघाट पुल से दोबारा आवागमन शुरू कर दिया गया है। अमलेश्वर की ओर जाने वाला यह रास्ता पिछले दो दिनों से बंद था। हालांकि, महादेवघाट में गणेश विसर्जन के दौरान फिलहाल समितियों के सदस्यों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। वहीं प्रदेश में बारिश और उफनते नदी-नालों के बीच अलग-अलग घटनाओं में 12 लोगों के बहने की जानकारी सामने आई है, जिनमें 3 लोगों की मौत हुई है।

12 जिलों में तेज हवा का अनुमान

रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, कांकेर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली में मौसम में बदलाव के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों में हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम खराब होने के दौरान बिजली चमकने और अचानक तेज हवा चलने की स्थिति बन सकती है।

बारिश के बाद घटने लगा नदी-नालों का जलस्तर

प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का असर पिछले दिनों देखने को मिला। महानदी का जलस्तर बढ़ने से शिवरीनारायण में शबरी सेतु पानी में डूब गया था। बलौदाबाजार के गिधौरी क्षेत्र में भी बाढ़ का पानी पहुंचा था। वहीं जगदलपुर के पास डोंगा घाट में फंसे लोगों को हेलिकॉप्टर की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया था।

बस्तर में भारी बारिश के चलते कई इलाकों में पानी भर गया था। किरंदुल-विशाखापट्टनम रेल लाइन पर भी लैंडस्लाइड का असर देखने को मिला। अब कई स्थानों पर पानी कम होने लगा है और जनजीवन धीरे-धीरे सामान्य होने की ओर है।

तेज हवा और बिजली के दौरान सावधानी जरूरी

मौसम खराब होने पर लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है। पेड़, बिजली के खंभे और कमजोर निर्माण वाली जगहों से दूरी रखना जरूरी है। तेज बारिश या हवा के दौरान वाहन चलाते समय भी विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

सामान्य से ज्यादा हो चुकी है बारिश

छत्तीसगढ़ में इस मानसून सीजन अब तक सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से 30 सितंबर तक प्रदेश में औसत बारिश का आंकड़ा 1132.3 मिलीमीटर माना जाता है। 26 सितंबर तक प्रदेश में 1190.7 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। यह सामान्य औसत से करीब 5.16 प्रतिशत अधिक है।

Search