Home » सब्जी विक्रेता महिला की गला घोंटकर हत्या, ऑटो चालक गिरफ्तार
छत्तीसगढ़

सब्जी विक्रेता महिला की गला घोंटकर हत्या, ऑटो चालक गिरफ्तार

सूरजपुर। एक आटो चालक ने सब्जी विक्रेता महिला की गला दबाकर हत्या कर दिया। सब्जी बेचने गई महिला जब देर रात घर लौट रही थी, तभी ऑटो चालक ने उसके साथ छेड़खानी करने की कोशिश की। महिला के विरोध करने और लोगों को बताने की धमकी देने पर आरोपी ने उसका गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सोनवाही निवासी हुकुमसाय राजवाड़े ने चौकी लटोरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी सुरमिला राजवाड़े (37 वर्ष) बीते शनिवार को सब्जी बेचने अंबिकापुर गई थी। वह रोज की तरह रात करीब 9 से 10 बजे के बीच घर लौट आती थी, लेकिन उस रात नहीं आई। अगले दिन सुबह मृतका के छोटे बेटे ने बताया कि सोनवाही चौक के पास गड्ढे में एक महिला का शव पड़ा है। जब परिजन वहां पहुंचे तो उन्होंने शव की पहचान सुरमिला के रूप में की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। डॉक्टर की रिपोर्ट में मौत हत्यात्मक प्रकृति की पाई गई। जांच में पता चला कि महिला आखिरी बार एक ऑटो में बैठी देखी गई थी।

पुलिस ने आसपास के इलाकों में दर्जनों ऑटो चालकों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर आरोपी ऑटो चालक राहुल कुशवाहा (30 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। उसने बताया कि शनिवार रात उसने सुरमिला को ऑटो में बिठाया था और रास्ते में उसके साथ छेड़खानी करने की कोशिश की। महिला ने विरोध करते हुए धमकी दी कि वह उसकी करतूत लोगों को बता देगी, जिस पर उसने गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गड्ढे में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं ऑटो को जप्त कर लिया है।

Search

Archives