Home » तालाब में डूबने से दो मासूम बहनों की मौत… अर्जुनी गांव में पसरा मातम
छत्तीसगढ़

तालाब में डूबने से दो मासूम बहनों की मौत… अर्जुनी गांव में पसरा मातम

जांजगीर-चांपा। जिले के ग्राम अर्जुनी में गुरूवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया। एक ही परिवार की दो मासूम बहनों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। मृत बच्चियों की पहचान 9 वर्षीय मुस्कान रात्रे और उसकी 8 वर्षीय छोटी बहन श्रुति रात्रे के रूप में हुई। दोनों अशोक रात्रे की बेटियां थी। दोनों गांव में सबकी चहेती मानी जाती थी।

जानकारी के अनुसार गुरूवार दोपहर करीब 12.30 बजे दोनों अपनी दादी के साथ गांव के स्कूल के पास स्थित तालाब में नहाने गई थी। बताया जा रहा है कि उनकी दादी तालाब के किनारे कपड़े धोने में व्यस्त थी। दोनों बहने पास ही खेल रही थी। इसी दौरान तालाब के नजदीक पहुंच गई और कुछ ही देर में दोनों डूबने लगी। इसी दौरान दादी की नजर पड़ी तो शोर मचाया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तालाब में खोजबीन शुरू की गई। किसी तरह दोनों मासूम को बाहर निकाला गया। तब तक देर हो चुकी थी। दोनों बच्चियों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा ले जाया गया। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। खबर मिलते ही परिजनों की चीख पुकार मच गई। घटना की सूचना पर कोटमीसोनार और अकलतरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। एक ही परिवार की दो बेटियों की असमय मौत ने पूरे अर्जुनी गांव को झकझोर कर रख दिया है। गांव में शोक का माहौल है।

Search

Archives