कवर्धा। शादी के घर में तब मातम पसर गया जब चरित्र शंका को लेकर दूल्हे के सनकी पिता ने टांगी से हमला कर अपने दो भाईयों को मौत के घाट उतार दिया। वहीं 3 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। मामला तरेगांव इलाके का है।
बताया जा रहा है कि दूल्हे के सनकी पिता ने चरित्र शंका को लेकर घटना को अंजाम दिया है। घर में शादी का कार्यक्रम हो और नाच-गाना न हो ऐसा हो नहीं सकता। यहां भी नाच-गाना कार्यक्रम चल रहा था। सभी खुशी से नाच-गा रहे थे। इसी दौरान दूल्हे के सनकी पिता ने अपनी पत्नी को भाई के साथ नाचते देखा तो वह गुस्से से तिलमिला गया। आवेश में आकर भाई ने दूसरे भाई पर टांगी से जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने बड़ा भाई पहुंचा तो उस पर भी टंगिया चला दिया। इतना ही नहीं बीच-बचाव करने पहुंची जीजा, बहन व एक अन्य पर भी हमला कर दिया। इस पूरे हमले में दो सगे भाईयों की मौत हो गई, वहीं 3 लोग बुरी तरह से घायल हुए हैं। तीनों को ईलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मामले की जानकारी तरेगांव पुलिस को हुई तो मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।







