जांजगीर-चांपा। थाना पामगढ़ क्षेत्र के ग्राम धाराशिव में आपसी रंजिश को लेकर हुए जानलेवा हमले के फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दिनेश राठौर 42 वर्ष ने तलवार से हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लोहे की तलवार भी बरामद कर लिया है।
घटना 21 जून 25 की है। शाम करीब 7.30 बजे अभिषेक गोस्वामी और जितेश राठौर उर्फ राजा के बीच गाली गलौच और विवाद हुआ। इसके बाद रात करीब 10 बजे अभिषेक गोस्वामी पर दिनेश राठौर ने अपने दो अन्य परिजनों अमन राठौर और राधेश्याम के साथ मिलकर तलवार से हमला कर दिया। हमले में अभिषेक के गले में गंभीर चोट आई जिसे पहले जांजगीर जिला अस्पताल और बाद में बिलासपुर रेफर किया गया।
घटना के तत्काल बाद आरोपी दिनेश राठौर फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस लगातार पतसाजी कर रही थी। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, एसपी उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्श तथा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक मनोहर सिन्हा और टीम की सतत निगरानी में आरोपी को धरदबोचा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध बीएनएस की धारा 296, 109 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पूर्व में आरोपी राधेश्याम और अमन राठौर को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। इस कार्रवाई में थाना पामगढ़ स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।







