डीवीआर नदी में फेंका था
बिलासपुर। गतौरा स्थित शासकीय कम्पोजिट मदिरा दुकान में लूट की वारदात का मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त टीम ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में अनिल ध्रुव उर्फ अन्ना, पिंटू निषाद और सुशील निर्मलकर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कर्ज में डूबे होने के कारण शराब दुकान में रखी नकदी लूटने की योजना बनाई थी।
पुलिस के अनुसार 3 अगस्त को करीब 3.30 बजे चार नकाबपोश काले कपड़े पहनकर गतौरा शराब दुकान पहुंचे यहां तैनात सुरक्षाकर्मी साहिल राय और हरकुंवर पंकज को चाकू दिखाकर धमकाया और दुकान की चाबी मांगी। चाबी नहीं मिलने पर हरकुंवर के सिर, माथे और हाथ पर धारदार हथियाार से हमला किया। मारपीट के बाद उनके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद लॉकर काटने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं होने पर दो मोबाइल फोन, शराब की बोतलें और सीसीटीवी का डीवीआर लेकर फरार हो गए।
यह मामला बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा स्थित शासकीय शराब दुकान का है। गिरफ्तार आरोपियों में अनिल धु्रव उर्फ अन्ना निवासी देखरीखुर्द, पिंटू निषाद निवासी तोरवा और सुशील निर्मलकर निवासी हेमूनगर अटल आवास शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पहले मोपका शराब भट्ठी में वारदात की कोशिश की थी, लेकिन आसपास चहल-पहल होने के कारण वहां से निकल गए और गतौरा पहुंचे। लॉकर काटने के लिए आरोपियों ने गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, रस्सी और चाकू सहित अन्य सामान की व्यवस्था की थी।







