बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक दंपती के शव घर के भीतर लोहे के एंगल में साड़ी से बने फांसी के फंदे पर लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को फंदे से उतरवाकर जांच शुरू की। मृतकों की पहचान रमेश सिंह बंजारा 35 और उनकी पत्नी माया बंजारा 30 के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार रमेश सिंह बंजारा मूल रूप से जामकछार जिला अनूपपुर मध्यप्रदेश का निवासी था। वह अपनी पत्नी माया के साथ सिरगिट्टी के नयापारा में रहकर जीवन यापन कर रहा था। मंगलवार सुबह दोनों के घर में फांसी पर लटके होने की जानकारी सामने आने के बाद आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सिरगिट्टी पुलिस ने बताया कि मंगलवार सुबह सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची।
प्रारंभिक जांच में दोनों के शव घर के भीतर फांसी के एक ही फंदे पर मिले हैं। पुलिस ने शवों को सुरक्षित रखवाकर घटना की जानकारी मृतकों के स्वजन को दे दी है। दंपती ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, ऐसे कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। पुलिस आसपास रहने वाले लोगों, परिचितों और मृतकों के परिजनों से पूछताछ कर पारिवारिक एवं व्यक्तिगत परिस्थितियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार स्वजन के पहुंचने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। पीएम और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है।







