बेमेतरा। सोमवार को बेमेतरा जिले के बेरला में 1.75 लाख रूपए की लूट का मामला सामने आया है। बैंक ऑफ बड़ौदा में रूपए जमा करने के लिए नपं कुसमी के पेट्रोल पंप मैनेजर धनेश तिवारी दोपहर 3.20 बजे पहुंचे हुए थे। वे बैंक के भीतर जाने वाले ही थे कि पीछे से एक बदमाश रूपयों से भरे बैग को लूटकर फरार हो गया। बैग में 1 लाख 75 हजार रुपए होने की बात सामने आई है।
बैग लूटने के बाद बदमाश सड़क की ओर भागा, जहां पहले से ही एक अन्य बदमाश बाइक पर था। ये दोनों एक साथ बाइक से भाग गए। घटना के बाद आसपास के लोग एकत्र हो गए। कुछ लोग बाइक सवार के पीछे भी गए, लेकिन बदमाश नहीं मिले। पूरे घटनाक्रम के बारे में बेरला थाना पुलिस को जानकारी दी गई है। पुलिस आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी की फुटेज में बदमाश बैग को छीनते हुए दिखाई दे रहा है। बदमाश अपने चेहरे को गमछे से ढके हुए था, जिस कारण उसकी पहचान नहीं हो रही है। इसके अलावा बाइक के सामने के हिस्से को भी गमछे से ढक दिया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।







