रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब नए शैक्षणिक सत्र से कई नवाचार होने वाले हैं। इसके तहत अब छात्रों का स्कूल में जाति-आय और निवास प्रमाण पत्र बनाकर दिया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण भी होगा। उन्हें पोषण की जानकारी दी जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय-समय पर छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। इस दौरान विभाग की ओर से छात्रों की आयु अनुसार दवाई भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा अगर छात्रों में बीमारियों की पहचान होती है तो उन बच्चों का बड़े अस्पतालों में इलाज कराने की व्यवस्था भी की जाएगी। विभाग की टीम स्कूल पहुंचेगी और बच्चों की जांच करेगी। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव ने निर्देश जारी किए हैं।
बच्चों के स्वास्थ्य के साथ-साथ नए शैक्षणिक सत्र में एक और नवाचार किया जा रहा है। इसके तहत अब छात्रों और उनके परिजनों को जाति, आय, निवास आदि प्रमाण पत्र के लिए कहीं भटकना नहीं पड़ेगा. राज्य के स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए जाति, आय, निवास प्रमाण पत्र आदि बनाने के लिए शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग के सभी विद्यार्थियों का जाति प्रमाण पत्र और सभी वर्गों का निवास एवं आय प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे।







