जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोटमी सोनार में देर रात हुई एक बड़ी चोरी की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवर, नगदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। हैरान कर देने वाली बात यह है कि घटना के समय घर में मौजूद दो बुजुर्ग महिलाएं दूसरे कमरे में सो रही थीं, जिससे चोरों को बिना किसी बाधा के वारदात को अंजाम देने में आसानी हुई।
जानकारी के मुताबिक, चोरी की यह घटना स्वर्गीय रमेश उर्फ बाबा सोनी के घर में हुई। देर रात अज्ञात बदमाश घर के भीतर दाखिल हुए और सीधे उस कमरे तक पहुंचे जहां आलमारी रखी थी। चोरों ने आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और अन्य कीमती सामान समेट लिया। शातिर चोरों ने इस पूरी वारदात को इतनी खामोशी से अंजाम दिया कि दूसरे कमरे में सो रही बुजुर्ग महिलाओं को इसकी भनक तक नहीं लगी।
घटना का खुलासा सुबह उस वक्त हुआ जब परिवार की एक महिला सदस्य सोकर उठी और आंगन में पहुंची। वहां घर का सामान बिखरा हुआ और अलमारी खुली पड़ी थी। चोरी की बात सामने आते ही परिवार में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।
डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा घटना की सूचना मिलते ही कोटमी सोनार पुलिस सहायता केंद्र की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम को भी मौके पर बुलाया। विशेषज्ञ टीमों ने घटनास्थल से उंगलियों के निशान (फिंगरप्रिंट्स) और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। प्राथमिक आंकलन के अनुसार चोरी गए मशरूका की कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई जा रही है।







