रायगढ़। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में अधेड़ महिला की जली हुई लाश मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी इमिलीयूस तिग्गा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने प्रेम संबंधों में अविश्वास और विवाद के चलते महिला की हत्या करने की बात कबूल की है।
आरोपी तक पहुंचना सबसे बड़ी चुनौती
17 जून को तमनार चौक से पूंजीपथरा जाने वाले पगडंडी मार्ग पर एक अधेड़ महिला का जला हुआ शव मिला था। शव के आसपास घसीटने के निशान भी मिले थे, जिससे हत्या के बाद सबूत मिटाने की आशंका जताई जा रही थी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।
सोशल मीडिया से मिली बड़ी सफलता
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस ने मृतिका की तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया तथा औद्योगिक इकाइयों में साझा किया। इसी दौरान लक्ष्मी कॉलोनी में रहने वाले इमिलीयूस तिग्गा और उसके साथ रह रही महिला के अचानक गायब होने की जानकारी मिली।
उधर, जशपुर जिले के ग्राम बोरो से पहुंचे दो युवकों ने शव और कपड़ों की पहचान अपनी मां मंगरिता एक्का (60 वर्ष) के रूप में की। इसके बाद पुलिस का शक इमिलीयूस तिग्गा पर गहरा गया।
पति-पत्नी की तरह रह रहे थे दोनों
जांच में सामने आया कि आरोपी इमिलीयूस तिग्गा पिछले दो साल से पूंजीपथरा क्षेत्र में मजदूरी कर रहा था। करीब तीन महीने पहले उसकी मुलाकात मंगरिता एक्का से हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे लक्ष्मी कॉलोनी में किराए के मकान में साथ रहने लगे।
शराब पीने के दौरान हुआ विवाद, साड़ी से घोंट दिया गला
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मंगरिता उस पर दूसरी महिला से संबंध रखने का शक करती थी। जिससे दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। 17 जून को दोनों घर से निकले और रास्ते में महुआ के पेड़ के नीचे बैठकर शराब पीने लगे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और गुस्से में आरोपी ने महिला की साड़ी से उसका गला घोंट दिया।
पहचान छिपाने के लिए शव को लगाई आग
हत्या के बाद आरोपी ने शव को झाड़ियों में छिपा दिया। बाद में पेट्रोल पंप से पेट्रोल खरीदकर शव को दूसरी जगह घसीटकर ले गया और पहचान मिटाने के इरादे से आग लगा दी।
पुलिस ने बरामद किए अहम सबूत
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडेम पर घटना के समय पहने कपड़े, पेट्रोल की बोतल और माचिस बरामद की है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी इमिलीयूस तिग्गा (45 वर्ष) निवासी अमडीहा, थाना फरसाबहार, जिला जशपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।







