बिलासपुर। दुर्गा पंडाल के पीछे बैठे युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर साथी युवक ने ही हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना सरकंडा थाना के मोपका चौकी क्षेत्र की है।
दरअसल मोपका के भाटापारा में निवास करने वाले दिनेश कुमार सूर्यवंशी रात 11 बजे पंडाल के पीछे बैठा था। तभी मोहल्ले का ही कमलेश सूर्यवंशी 25 वर्ष वहां पहुंचा और दोनों ने मिलकर अचानक धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। इससे दिनेश खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भागने की फिराक में था आरोपी
इस दौरान आरोपी कमलेश भागने की फिराक में था, लेकिन वह पकड़ा गया। मामले में पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि दिनेश और कमलेश ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसके बाद विवाद हुआ और कमलेश ने हमला कर दिया। इधर आरोपी ने बताया कि मृतक उसे परेशान कर रहा था, जिससे तंग आकर उसने उसकी हत्या कर दी।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस को घटना में इस्तेमाल हुआ धारदार हथियार अब तक बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल पुंलिस रात में आरोपी से पूछताछ कर हथियार बरामद करने और हत्या के वास्तविक कारण जानने में जुटी है।







