धमतरी। कृषि विभाग ने कीटनाशक निर्माण और बिक्री में नियमों की अनदेखी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सोरिदभाट स्थित भारतीय रासायनिक उद्योग की कीटनाशक निर्माण इकाई का राज्य और जिला स्तरीय टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान एक्सपायरी डेट पार कर चुके कीटनाशकों के भंडारण समेत कई अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद विभाग ने इकाई को सील करते हुए कीटनाशकों की बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी है।
जांच के दौरान निर्धारित मासिक जानकारी प्रस्तुत नहीं करने और प्रयोगशाला के संचालन से जुड़े जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने की बात भी सामने आई। विभाग ने इन खामियों को कीटनाशी अधिनियम और संबंधित नियमों के विपरीत मानते हुए कार्रवाई की है।
कृषि विभाग ने संस्था को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही तत्काल प्रभाव से विक्रय प्रतिबंध लगाते हुए पूरी इकाई को सील कर दिया गया है। निर्माण इकाई से तैयार किए गए कीटनाशी उत्पादों के नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं, जिन्हें गुणवत्ता परीक्षण के लिए कीटनाशी गुण नियंत्रण प्रयोगशाला भेजा गया है।
अब विभाग की आगे की कार्रवाई नोटिस के जवाब और प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट पर निर्भर करेगी। परीक्षण में उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर कोई गड़बड़ी सामने आती है तो नियमानुसार अतिरिक्त कार्रवाई की जाएगी।







