Home » तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत, छोटे को बचाने पानी में कूदा था बड़ा भाई
छत्तीसगढ़

तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत, छोटे को बचाने पानी में कूदा था बड़ा भाई

बिलासपुर। जिले में गुरुवार शाम दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे अपने पिता के साथ तालाब के पास गए थे। बताया जा रहा है कि पिता बच्चों को तालाब किनारे छोड़कर कुछ दूरी पर मोबाइल पर बात करने चले गए थे। इसी दौरान छोटा भाई पानी में फिसलकर गहरे हिस्से में चला गया। उसे डूबता देखकर बड़ा भाई बचाने के लिए तालाब में कूद गया, लेकिन दोनों की डूबने से मौत हो गई। घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र की है।

खेलते समय तालाब में फिसला 4 साल का बच्चा

जानकारी के अनुसार, चिल्हाटी निवासी भक्त प्रहलाद पैकरा किसान हैं। गुरुवार शाम वह अपने दोनों बेटों दीपू पैकरा (7) और चींटू पैकरा (4) को लेकर तालाब के पास गए थे। बताया गया कि बच्चों को तालाब किनारे छोड़कर पिता कुछ दूर चले गए और मोबाइल पर बात करने लगे।
इसी दौरान तालाब किनारे खेल रहा चार वर्षीय चींटू अचानक पानी में फिसल गया। वह गहरे पानी में पहुंचकर डूबने लगा। छोटे भाई को पानी में डूबता देखकर सात वर्षीय दीपू उसे बचाने के लिए तालाब में कूद गया।

छोटे भाई को बचाने कूदा बड़ा भाई

दीपू को तालाब की गहराई का अंदाजा नहीं था। वह भी गहरे पानी में चला गया और दोनों भाई डूब गए। इसी दौरान एक युवक की नजर तालाब में डूब रहे दोनों बच्चों पर पड़ी। उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया।
आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तालाब में उतरकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

ग्रामीण और परिजन दोनों बच्चों को तत्काल पचपेड़ी अस्पताल लेकर पहुंचे। बच्चों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मस्तूरी अस्पताल रेफर कर दिया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

एक साथ दो बेटों की मौत से परिवार में मातम

एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत की खबर से परिजनों में मातम पसर गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। घटना ने एक बार फिर बच्चों को तालाब, नदी और अन्य जलस्रोतों के पास अकेला न छोड़ने की जरूरत को सामने ला दिया है।

Search

Archives