बलरामपुर। लकड़ी लेने जंगल गए पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद नशे में धुत पति ने पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नहीं घटना को अंजाम देने के बाद लाश को जंगल में ही दफन कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दरअसल मृतक के पुत्र ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसके माता-पिता हीरालाल और कलावती दोनों जंगल गए हुए थे, पिता तो घर वापस आ गए, लेकिन माँ घर नहीं लौटी। परिवार वालों ने पूछा कि कलावती कहां रह गई तो आरोपी ने उन्हें बता दिया कि वह उससे झगड़ा कर रही थी, उसने उसे मार दिया है और जंगल में ही दफन कर दिया है।
पुत्र की शिकायत के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। देखा कि महिला का हाथ कब्र से बाहर निकला था। फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को मौके पर बुलाया गया और तहसीलदार की मौजूदगी में जब शव का उत्खनन कराया गया तो उसमें कलावती की डेड बॉडी पाई गई।
पुलिस ने मौके पर ही पीएम कराया तो शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में यह पता चला कि सिर में लगे चोट के कारण उसकी मौत हुई है। मामले में पुलिस की टीम कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।







