गौरेला पेंड्रा मरवाही। पेंड्रा में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। साइबर सेल और पेंड्रा पुलिस के संयुक्त अभियान में दो ट्रैक्टर इंजन एक ट्राली और एक बाइक समेत पांच आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में आगे की कार्यवाही कर रही है।
ट्रैक्टर चोरी के मामलों में त्वरित और समन्वित कार्यवाही करते हुए मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय अंतर्राज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर चोरी गए दो ट्रैक्टर, एक ट्रॉली, चार मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। थाना पेंड्रा क्षेत्र के ग्राम करगी खुर्द घाटोलीपारा निवासी एक युवक द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उसका स्वराज ट्रैक्टर अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया है। जिस पर थाना पेंड्रा में धारा 303(2), 112(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। इसी प्रकार, थाना गौरेला क्षेत्र के ग्राम कोटखर्रा निवासी ने भी सोनालिका ट्रैक्टर चोरी की सूचना दी थी, जिस पर धारा 303(2), 12(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस ने दोनों ही मामले को विवेचना में लिया। विवेचना दौरान मिले साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन तथा अन्य तकनीकी पहलुओं के विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और मध्यप्रदेश राज्य में उनकी मौजुदगी की पुष्टि के बाद पुलिस टीमों ने दबिश दी। मध्यप्रदेश के अनुपपुर जिले में दबिश देकर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पकड़े गए आरोपियों में 1. युवराज राठौर पिता नयाप्रसाद राठौर 19 वर्ष 2. मुगन सिंह राठौर उर्फ अंकित पिता संतोष राठौर 21 वर्ष 3. साहिल राठौर पिता शोभाराम राठौर, 19 वर्ष 4. शिवम राठौर पिता सोहनलाल राठौर 19 वर्ष 5. शिवम राठौर पिता देवनारायण राठौर 19 वर्ष शामिल है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी जैतहरी जिला अनूपपुर, मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोग ट्रैक्टरों की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे और बाद में फर्जी दस्तावेज तैयार कर अन्य जिलों में बेच देते थे। छत्तीसगढ़ के अलावा मध्यप्रदेश में भी जिला अनूपपुर में इसी तरह से ट्रैक्टर चोरी की वारदात करने की जानकारी भी आरोपियों ने दी है।
संपूर्ण कार्रवाई के दौरान दो ट्रैक्टर इंजन सहित, एक ट्रैक्टर ट्रॉली, चार मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
मामले में पुलिस अधीक्षक सुरजन राम भगत द्वारा कार्रवाई में शामिल टीम को प्रशंसा पत्र प्रदान करने की घोषणा की है, साथ ही आम नागरिकों से अपील भी की है कि वाहन सुरक्षा हेतु GPS उपकरणों का उपयोग करें, तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।







