आसामाजिक तत्वों पर आगजनी का संदेह
बिलासपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत हैप्पी स्ट्रीट में रविवार रात एक कपड़ा की दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों में अफरा तफरी मच गई। तत्काल इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। फायर ब्रिगेड को भी आगजनी की जानकारी दी गई। कोतवाली पुलिस ने हालात की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। दुकान में ताला लगा होने और संचालक की जानकारी आसपास के लोगों का नहीं होने के कारण पुलिस जवानों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। शटर तो तोड़कर अंदर प्रवेश किया। आग की लपटें बढ़ने से आसपास की दुकान को भी खतरा उत्पन्न हो गया। पुलिस को सूझबूझ से एक बड़ी घटना होने से टल गई।
कोतवाली टीआई देवेश राठौर ने बताया कि हैप्पी स्ट्रीट स्थित दुकान एक फेरी लगाकर कपड़े बेचने वाले व्यक्ति ने किराए पर ली है। वह दिन भर फेरी लगाकर कपड़े बेचता था और रात में सारा सामान दुकान में रख देता था। रविवार को वह संडे मार्केट में कपड़ा बेचने गया था। रात में वह दुकान बंद कर चला गया। रात करीब 10 बजे स्थानीय लोगों ने दुकान से धुआं निकलते देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। व्यवसायियों ने असामाजिक तत्वों पर आगजनी की आशंका व्यक्त की है। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन दुकान में रखा लाखों का कपड़ा जल जाने से व्यवसायी को बड़ी आर्थिक क्षति हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







