महासमुंद। खैरटखुर्द गांव में सुबह लगभग साढ़े 6 बजे एक दंतैल हाथी घुस आया। हाथी के गांव में घुसने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हाथी से बचाव करने के बजाय ग्रामीण हाथी को देखने पहुंच गए। गांव के बच्चे और युवा भी दंतैल के पीछे-पीछे दौड़ते रहे। इसके बाद यह हाथी किशनपुर की ओर चला गया। वहां भी हाथी देखने गांव वालों की भीड़ जुट गई। दोनों ही गांवों में हाथी की खबर मिलने के बाद भी काफी देर तक सुरक्षा में तैनात गजदल मौके पर नहीं पहुंचा था।
ग्रामीणों को भी अपने जान माल से हानि की चिंता नहीं थी। ज्ञात हो कि महासमुंद जिले में पांच साल के भीतर 27 लोगों को हाथियों ने मौत के घाट उतारा था। बीते दो सालों से हाथियों की आमद महासमुंद में नहीं थी। अब फिर से यह दंतैल आ धमका है। जिला वन मंडल अधिकारी पंकज राजपूत का कहना है कि हाथी से बचाव दल गांव की ओर रवाना हुआ है।







