कोरबा। आचार संहिता का समय नजदीक आते ही पुलिसिंग सख्त हो गई है। शहर के ट्रांसपोर्ट नगर समेत अन्य चौक चौराहों बुलेट वाहनों पर नजर रखी जा रही है। ट्रैफिक डीएसपी शिवचरण सिंह परिहार के साथ उनका पूरा अमला ऐसे दोपहिया वाहनों की जांच में जुटा हुआ है। पुलिस ने अब बुलेट वाहनों को टारगेट बनाया है।
जिले में ज्यादातर बुलेट चलाने वाले किशोर और युवा वर्ग के होते हैं, जिसमें ज्यादातर ने साइलेंसर मॉडिफाई करवा लिया है। बुलेट में पटाखें की आवाज निकलती है। पुलिस टीम ने अपने साथ बुलेट मिस्त्री को भी रखा है, ताकि साइलेंसर मॉडिफाई व प्रेशर हार्न लगा होने की पुष्टि हो सके। इसके साथ ही ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट व तेज गति से चलाते हुए सिग्नल जंप करने वाले वाहनों चालकों पर भी कार्रवाई की जा रही है। लंबे समय बाद शहर के भीतर इस तरह की कार्रवाई शुरू हुई है। यातायात नियमों को ठेंगा दिखाते हुए दोपहिया वाहन चलाने वालों के बीच हड़कंप मच गया है। ट्रैफिक डीएसपी परिहार ने बताया कि बुलेट बाइक से मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर पटाखे की तरह आवाज निकाली जाती है। तेज आवाज से राहगीरों के बीच दहशत का माहौल निर्मित हो रहा है। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ शख्त कार्रवाई की जाएगी।







