बिलासपुर। शहर में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोरकर रख दिया। सरकंडा थाना क्षेत्र के शिवघाट बरॉज पर तेज रफ्तार पिकअप वाहन हाईट स्टॉपर से टकरा गया, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार सामने आ रही है। मिली जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन सीजी 12 एएस 2306 में सवार युवक किसी शादी कार्यक्रम से लाईट डेकोरेशन का काम कर लौट रहे थे। देर रात होने के कारण सड़क पर अंधेरा था। चालक वाहन को तेज गति से चला रहा था। बरॉज के उपर बड़े वाहनों को रोकने के लिए लगाए गए हाईट स्टॉपर को चालक समय रहते देख नहीं पाया और वाहन सीधे उससे जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे बैठे युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे में एक युवक का सिर गंभीर रूप से चोटिल हो गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान लोरमी निवासी प्रकाश रामकर के रूप में हुई है। वहीं पांच अन्य घायल युवकों को तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बरॉज पर पर्याप्त रौशनी की व्यवस्था नहीं होने के कारण रात में बैरियर साफ नजर नहीं आता। हालांकि खंभों पर लाइट लगाई गई है, लेकिन उन्हें चालू नहीं किया गया है। जिससे अंधेरे में दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे में चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही मुख्य कारण प्रतीत हो रही है। यह हादसा एक बार फिर साबित करता है कि तेज रफ्तार और लापरवाही सड़क पर जानलेवा साबित हो सकती है।







