बिलासपुर। जिले के सिविल लाईन थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ज्वेलरी दुकान संचालक को ग्राहक बनकर आरोपी ने सुनियोजित तरीके से 18 लाख 50 हजार की धोखाधड़ी की है। मामले की लिखित शिकायत गोडपारा निवासी दीपक सोनी ने सिविल लाईन थाने में दर्ज कराई है।
प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि उसलापुर निवासी अभिषेक तिवारी ने पूर्व में प्रार्थी की दुकान दीपक ज्वेलर्स से सामान की खरीदी करता था। आरोपी गहनों की खरीदी के बाद उसका भुगतान चेक व नगदी में करता रहा। समय बीतने के साथ ही आरोपी द्वारा अपने अच्छे व्यवहार से प्रार्थी से घरेलू संबंध स्थापित कर लिया। वह गहने उधारी में लेकर बाद में उसका किस्तों में भुगतान करने लगा। इसी लेनदेन में धीरे-धीरे आरोपी की रकम का बकाया बढ़ता चला गया। जिसके बाद आरोपी ने प्रार्थी को सुझाव दिया कि उसका फ्लैट बिकाऊ है। उसे आप ले लिजिए। उसके झांसे में आकर प्रार्थी ने उसका फ्लैट लेने के लिए हामी भर दी। 2 फरवरी 22 को इकरारनामा कर 5,50000 रूपए आरोपी को दे दिया। जिसके बाद आरोपी अलग-अलग बहाने बनाकर प्रार्थी से महज तीन माह में कुल 18,50,000 रूपए ले लिए। बाद में प्रार्थी को पता चला कि आरोपी का उक्त फ्लैट बैंक से फाइनेंस है और किश्त नहीं पटाने की वजह से बैंक ने उसे नीलाम कर दिया है। जिसके बाद प्रार्थी अपनी दी गई रकम वापस करने के लिए आरोपी पर दबाव बनाया। जहां एक बार फिर 16 जनवरी 23 को आरोपी ने हाथ से स्टांप पेपर में लिखकर और नोटरी कराकर 30 नवंबर 23 तक पूरी राशि भुगतान करने का शपथ लिया। जिसके बाद भी आरोपी ने रकम का भुगतान नहीं किया। प्रार्थी ने मामले की शिकायत एसपी कार्यालय में करते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है। सिविल लाईन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 420 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







