धमतरी में एक कारोबारी को ठगों ने लाखों रूपए का चूना लगाया है। अज्ञात व्यक्ति ने आइसक्रीम का डीलरशिप दिलाने का झांसा देकर कारोबारी से करीब 19 लाख 50 हजार रुपये ठग लिए। इसके बाद पीड़ित की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, धमतरी के अमलतास पुरम कॉलोनी निवासी शिव अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि करीब दो साल पहले उन्होंने नेचुरल आइसक्रीम प्राइवेट लिमिटेड में डीलरशिप के लिए ईमेल किया था। कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर उन्होंने आगे प्रयास नहीं किया। 9 दिसंबर 2025 को अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर डीलरशिप के लिए संपर्क किया। 10 से 15 दिसंबर तक विभिन्न प्रक्रियाओं के नाम पर लगभग 19 लाख 50 हजार रुपये उनके खाते में जमा करा लिए गए।
पैसों की और मांग होने पर कारोबारी को ठगी का अंदेशा हुआ। बैंक जांच में पता चला कि खाता धारक का नाम अलग है। इसके बाद उन्होंने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाली पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।







