गौरेला पेंड्रा मरवाही। सीएएफ जवान के पिता पर जानलेवा हमला किया गया है। गौरेला के खोडरी के रहने वाले सीएएफ जवान जो वर्तमान में बस्तर में तैनात है, उसके बुजुर्ग पिता पर गांव में रहने वाले दो युवकों ने टंगिया और डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। बुजुर्ग को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में हत्या का प्रयास का अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
जीपीएम जिले के गौरेला थाना क्षेत्र के खोडरी गांव के रहने वाले सीएएफ के जवान मनराखन साहू वर्तमान में नक्सल क्षेत्र बस्तर में तैनात हैं और उनके बुजुर्ग पिता कन्हैया लाल साहू खोडरी गांव में ही रहते है। घटना आज सुबह की है, जब गांव के ही रहने वाले आरोपी सुनील पनिका और भुरू पनिका शराब के नशे में धुत थे और बुजुर्ग कन्हैयालाल साहू बकरी चरा रहे थे। उसी दौरान दोनों युवक वहां पर पहुंचे और किसी पुरानी बात को लेकर बकरी चरा रहे बुजुर्ग से विवाद करते हुए टंगिया और डंडे से हमला कर दिया।
हमले में बुजुर्ग को सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद दोनों आरोपी वहां पर बुजुर्ग को छोड़ फरार हो गए। कुछ समय बाद बुजुर्ग को कुछ ग्रामीणों के द्वारा लाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर बुजुर्ग कन्हैयालाल साहू का इलाज जारी है और वे खतरे से बाहर हैं। वहीं अस्पताल से मिले मेमू के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों आरोपी सुनील पनिका और भुरू पनिका को गिरफ्तार कर लिया है और उनके ऊपर हत्या का प्रयास की धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।







