कबरई (महोबा)। कानपुर-सागर हाईवे में सवारियों को लेकर आ रही रोडवेज बस के चालक को झपकी आ गई। बस अनियंत्रित होने पर यात्री चिल्लाने लगे। तब चालक ने ब्रेक लगाया, लेकिन करीब 60 की रफ्तार से जा रही बस आगे सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। जिससे बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में तीन महिलाओं समेत दस यात्री घायल हो गए। हालांकि किसी को भी गंभीर चोटें नहीं आई। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल में भर्ती कराया। वाहनों को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की है।
हमीरपुर डिपो की रोडवेज बस कानपुर से सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे सवारियों को बैठाकर महोबा आ रही थी। इसमें करीब 40-50 यात्री सवार थे। रास्ते में हाईवे पर कस्बा कबरई स्थित खनिज बैरियर के पास बस चालक देशराज निवासी ग्राम पंचोली हमीरपुर को झपकी आई और बस अनियंत्रित होने लगी। तभी यात्रियों ने शोर मचाया तो चालक जागा और एकदम से ब्रेक लगा दिया।
यात्रियों के मुताबिक बस करीब 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से जा रही थी, ब्रेक लगाने के बाद भी वह सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में महोबा निवासी 40 वर्षीय नाजरा खातून, मवई के 45 वर्षीय जयकरण, मौदहा के 35 वर्षीय जयराम, रतवा की शंकु, कानपुर की जशोदा, हृदयांश, खजुराहो मप्र के अच्छेलाल, सिद्धार्थ और 75 वर्षीय बुजुर्ग लल्लीराम समेत दस लोग घायल हो गए। किसी को हाथ, किसी को सिर की ठुड्डी में चोट आई।
टक्कर के चलते बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना कबरई पुलिस पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के जरिए सीएचसी कबरई पहुंचाया। थानाध्यक्ष सत्यवेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि ट्रक चालक ने सड़क किनारे वाहन खड़ा कर दिया और नाश्ता करने चला गया। बस चालक को झपकी आई तो यात्रियों ने शोर मचाया। लेकिन तब तक वह ट्रक से टकरा गई थी। किसी को भी गंभीर चोटें नहीं आईं हैं। ट्रक चालक मौके से भाग निकला। जल्द उसे पकड़ लिया जाएगा। बस चालक से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।







