मुंगेली। थाना फास्टरपुर-सेतगंगा क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल के मामले का मुंगेली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया।
जानकारी के अनुसार 13 अप्रैल को सेतगंगा निवासी परिजनों ने थाना फास्टरपुर-सेतगंगा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी महिला परिजन 12 अप्रैल की रात से लापता थी। अगले दिन गाड़घाट के पगडंडी रास्ते में एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की। जिसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम त्वरित कार्रवाई करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ और मुखबीर की सूचना के आधार पर संदेही लालाराम यादव को हिरासत में लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन मनोवैज्ञानिक तरीके से सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि मृतिका के साथ उसका प्रेम संबंध था। मृतिका उसे पत्नी बनाकर अपने घर ले जाने का दबाव बना रही थी। जिससे वह परेशान था। इसी बात से नाराज होकर उसने 12 अप्रैल को महिला को फोन कर बुलाया और बाइक से गाड़ाघाट के पास ले जाकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने मृतिका का मोबाइल ग्राम छटन के तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक टेक्नो मोबाइल और घटना में प्रयुक्त एचएफ डिलक्स बाइक सीजी 28 बी 7299 जब्त कर लिया है। आरोपी लालाराम यादव 38 वर्ष निवासी शुक्लाभांठा को गिरफ्तार कर 14 अप्रैल को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक लक्ष्मण खूंटे, सहायक उपनिरीक्षक विजय बंजारा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।







