Home » ट्रक की चपेट में आए बाइक सवार दंपती… मां और 6 माह की बेटी की दर्दनाक मौत
छत्तीसगढ़

ट्रक की चपेट में आए बाइक सवार दंपती… मां और 6 माह की बेटी की दर्दनाक मौत

मस्तूरी। थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार मां और उसकी छह माह की मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति बाल बाल बच गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम कुआं बोड़सरा निवासी अशोक यादव अपनी पत्नी शिवरात्रि यादव और छह माह की कनिका यादव के साथ बुधवार सुबह घर लौट रहा था। सुबह करीब 8.45 बजे मस्तूरी थाना अंतर्गत स्टेट बैंक के सामने जयराम नगर मोड़ के पास पहुंचे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार से आ रही ट्रक सीजी 08 डब्ल्यू 1435 ने उनकी बाइक होेंडा सीबी साइन को अपनी चपेट में ले लिया। बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और ट्रक के पहिए के नीचे मां और मासूम बेटी आ गई। दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा तफरी मच गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को मौके से गिरफ्तार कर ट्रक को जप्त कर लिया है। मामले में मस्तूरी पुलिस ने अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Search

Archives