बिलासपुर। जिले के पचपेड़ी क्षेत्र में मंगलवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालकी की मौत हो गई, जबकि ट्राली में सवार दो श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हुआ ट्रैक्टर सड़क से उतरकर तालाब में जा गिरा। जिससे यह हादसा हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम लोहर्सी निवासी मंसाराम तिवारी उर्फ चौटापला 30 वर्ष ट्रैक्टर का चालक था। मंगलवार को वह ईट लेकर ग्राम सेमराडीह गया था। ईट खाली करने के बाद रात करीब 8.30 बजे ट्रैक्टर लेकर वापस गांव लौट रहा था। इसी दौरान चिन्हाटी स्थित दर्री तालाब के पास पहुंचते ही ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सीधे तालाब में जा गिरा। हादसे में ट्रैक्टर पलट गया और इंजन पर बैठे चालक मंसाराम तिवारी उसके नीचे दब गए। जिससे उनकी मौके पर ही मौकत हो गई, वहीं ट्राली में सवार श्रमिक बाबूलाल गोंड़ 38 वर्ष और विनय कुमार गोंड़ 30 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया। जेसीबी मशीन की सहायता से चालक के शव को इंजन के नीचे से बाहर निकाला गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भेज दिया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि दर्री तालाब सड़क से बिल्कुल सटा हुआ है और सड़क से उतरते ही गहरी ढलान है। आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार के कारण ट्रैक्टर सड़क से फिसलकर सीधे तालाब में गिर गया। ग्रामीणों का कहना है कि यह स्थान काफी खतरनाक है। यहां पहले भी हादसे हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क चौड़ीकरण और पर्याप्त रौशनी की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।







