Home » बंदूक से फायरिंग कर ज्वेलरी व्यापारी से लूट, हथियार से वार, कार समेत लाखों के जेवर लेकर नकाबपोश फरार
छत्तीसगढ़

बंदूक से फायरिंग कर ज्वेलरी व्यापारी से लूट, हथियार से वार, कार समेत लाखों के जेवर लेकर नकाबपोश फरार

बिलासपुर। न्यायधानी में मंगलवार की रात एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने ज्वेलरी व्यापारी पर हमला कर कार सहित सोने चांदी से भरा बैग लूट लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। जबकि पुलिस ने नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर रात करीब 9.30 बजे के आसपास महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी अपनी कार से जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने बंदूक तानकर उन्हे धमकाया और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने हथियार से उनके सिर पर वार भी किया। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूत्रों के अनुसार हमलावरों ने घटना के दौरान फायरिंग भी की। जिससे आसपास के लोग सहम गए और इलाके में अफरा तफरी मच गई। बदमाश इसके बाद संतोष तिवारी की मेहरून रंग की रीनॉल्ट कार सीजी 10 एएच 7707 लेकर फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि कार में 3.50 लाख नगदी समेत ढाई किलो सोने चांदी के आभूषणों से भरा बैग रखा था, जिसकी अनुमानित कीमत 3 करोड 50 लाख बताई जा रही है। जिसे भी आरोपी अपने साथ ले गए। घटना के बाद मौके पर जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों द्वारा छोड़ी गई एक पैशन प्रो बाइक सीजी 10पी 0331 और एक अन्य कार सीजी 10 बीजे 8147 मिली। इसके अलावा घटनास्थल से एक मैगजीन और कुछ जिंदा कारतूस भी बरामद हुए जो चलाए नहीं गए थे। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया था। घायल संतोष तिवारी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनके सिर में 5 जगहों पर चोट आई है, लेकिन हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है। जिसमें कुछ बदमाशों की गतिविधियां दिखाई दे रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। मामले की सूचना मिलते ही आईजी रामगोपाल गर्ग सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके में नाकेबंदी करा दी गई है। शहर के विभिन्न मार्गो पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस बड़ी वारदात के बाद राजकिशोर नगर और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।

Search