बिलासपुर। हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम झल्फा स्थित विश्वकर्मा गैरेज में खड़े एक ट्रक के चार टायर डिस्क सहित चोरी होने का मामला सामने आया है। वाहन मालिक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303 (2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी दीपक सिंह मरकाम पिता रूपचंद मरकाम 36 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 08 महमंद थाना तोरवा जिला बिलासपुर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका छह चक्का ट्रक सीजी 04 पीएच 0757 दुर्घटनग्रस्त होने के बाद मरम्मत के लिए ग्राम झल्फा स्थित विश्वकर्मा गैरेज में खड़ किया गया था। प्रार्थी के अनुसार 9 जून की रात करीब 8 बजे उन्होंने गैरेज जाकर ट्रक को देखा था। इसके बाद 10 जून की सुबह करीब 9 बजे गैरेज संचालक अनुप विश्वकर्मा ने फोन कर बताया कि ट्रक के चारों टायर डिस्क सहित गायब हैं। सूचना मिलने पर उन्होंने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां ट्रक के चार टायर नहीं मिले। चोरी हुए टायर जेके कंपनी के 9.20 साइज के थे। जिनकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रूपए बताई गई है। शिकायत के आधार पर हिर्री पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से आरोपियों की तलाश कर रही है।







