जांजगीर। चरित्र शंका को लेकर लगातार मारपीट से तंग आकर पत्नी ने पति को मौत के घाट उतार दिया। महिला को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार चांपा थाना क्षेत्र अंतर्गत मंझली तालाब क्षेत्र निवासी सोमराज बड़ाईक की उसकी पत्नी दुर्गा बड़ाईक ने गला दबाकर हत्या कर दी। मामले की सूचना मृतक के साले संजय थवाईत द्वारा चांपा पुलिस को दी गई। उसने बताया कि 7 सितंबर की शाम लगभग 6-7 बजे उसका जीजा सोमराज बड़ाईक शराब पीकर घर आया और उसकी बहन को चरित्र शंका की बात को लेकर गाली गलौच मारपीट करने लगा। जिसे संजय थवाईत के द्वारा झगड़ा शांत कराया गया। इधर रात्रि करीबन 9 बजे उसकी बहन दुर्गा अपने भाई के घर जाकर बताई कि उसका पति फिर से मारपीट कर रहा था। परेशान होकर अपने पति का गला दबाकर हत्या कर दी है।
सूचना मिलने पर संजय थवाईत घर पहुंचा तो देखा कि जीजा कमरे के अंदर बिस्तर पर अचेत पड़ा हुआ था। जिसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस ने दुर्गा बड़ाइक को हिरासत में ले लिया। महिला ने बताया कि पति सोमराज बड़ाईक चरित्र शंका को लेकर शराब पीकर रोजाना मारपीट करता था, जिससे परेशान होकर तकिया से गला दबा दिया। पुलिस ने तकिया को जप्त कर लिया है। महिला को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता थाना प्रभारी चांपा, उपनिरीक्षक बेलसज्जर लकड़ा, सिलमनी टोप्पो, आरक्षक वीकेश सिंह, शंकर राजपूत, मुद्रिका दुबे, संजय साहू,भूपेन्द्र राठौर की विशेष भूमिका रही।







